अंकिता हत्याकांड के आरोपियों की कोर्ट ने तीन दिन की पुलिस कस्टडी रिमांड मंजूर की

देहरादून। अंकिता के तीनों हत्यारोपियों की कोर्ट ने तीन दिन की पुलिस कस्टडी रिमांड मंजूर की है। आरोपियों को शुक्रवार को पौड़ी जेल से पूछताछ के लिए लाया जाएगा। एसआईटी आरोपियों को घटनास्थल भी लेकर जाएगी। उधर, बृहस्पतिवार को बयान दर्ज कराने के लिए अंकिता का दोस्त पुष्प भी लक्ष्मण झूला थाने पहुंचा। एसआईटी ने उसको गोपनीय जगह पर ले जाकर बयान दर्ज किए हैं। पुष्प ने अंकिता से दोस्ती होने से लेकर मौत तक की हर बात को पुलिस को बताया है।
अंकिता हत्याकांड में एसआईटी पांच दिनों से जांच कर रही है। कई लोगों से पूछताछ और बयान दर्ज किए जा चुके हैं। इनमें रिजॉर्ट के कर्मचारी, काम छोड़कर जा चुके कर्मचारी, पुष्प (फोन पर बातचीत) शामिल हैं। एसआईटी ने घटना की रात जो हुआ, इसे समझने के लिए कई बार घटनास्थल का मुआयना भी किया। रिजॉर्ट से भी बहुत से साक्ष्य लिए गए हैं। इन्हीं, सब कड़ियों को हत्याकांड से जोड़ने के लिए एसआईटी ने पुलकित, अंकित और सौरभ की तीन दिन की पुलिस कस्टडी रिमांड मांगी थी। सुनवाई के लिए कोर्ट ने बृहस्पतिवार का दिन तय किया था। सूत्रों के अनुसार, कोर्ट ने तीनों आरोपियों की तीन दिन की पुलिस कस्टडी रिमांड मंजूर कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *