अगले साल आएगी कैटरीना, सिद्धांत और ईशान के अभिनय से सजी फिल्म फोन भूत

पिछले काफी समय से फिल्म फोन भूत सुर्खियों में हैं। इस हॉरर कॉमेडी फिल्म का दर्शक बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं और करें भी क्यों ना, फिल्म से कैटरीना कैफ, सिद्धांत चतुर्वेदी और ईशान खट्टर का नाम जो जुड़ा है। फिल्म से सामने आए कलाकारों के फर्स्ट लुक ने भी दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया है। अब इस फिल्म के निर्माता रितेश सिद्धवानी ने इसकी रिलीज को लेकर अहम जानकारी दी है। आइए जानते हैं उन्होंने क्या कुछ कहा।

रितेश ने कहा, फोन भूत लगभग बनकर तैयार हो चुकी है। इसकी फिनिशिंग हो रही है। यह अगले साल दर्शकों के बीच होगी। फिलहाल तो यही कह सकता हूं। बाकी आगे की प्लानिंग हालात के हिसाब से होगी। यह फिल्म फरहान अख्तर और रितेश सिद्धवानी मिलकर प्रोड्यूस कर रहे हैं। गुरमीत सिंह इसके निर्देशन की कमान संभाल रहे हैं। कोरोना महामारी के चलते अन्य फिल्मों की तरह इस फिल्म की रिलीज में भी देरी हुई है।

ईशान ने कहा, मैं पहली दफा कॉमेडी जॉनर की फिल्म में काम कर रहा हूं और मैं इसलिए बेहद उत्साहित और रोमांचित हूं। मैंने फिल्म की कहानी पढ़ते ही हां कर दी थी। उन्होंने कहा, हॉरर कॉमेडी पर पहले भी फिल्में बनी हैं, लेकिन यह ज्यादा ही मजेदार फिल्म है। इसे देख आप बिल्कुल भी बोर नहीं होंगे। कहानी में लगातार मोड़ आते रहेंगे। यह बेहद दिलचस्प है। फिल्म शुरू से लेकर अंत तक आपको गुदगुदाएगी।

फोन भूत के अलावा इस साल सैफ अली खान अभिनीत हॉरर-कॉमेडी फिल्म भूत पुलिस दर्शकों के बीच आएगी। फिल्म भूल भुलैया 2 भी रिलीज होने को तैयार है। विवेक ओबरॉय की हॉरर-थ्रिलर फिल्म रोजी: द सैफरॉन चैप्टर दर्शकों को रोमांचित करने आ रही है।

इसी तरह विशाल फुरिया के निर्देशन में बन रही अभिनेत्री नुसरत भरूचा की हॉरर फिल्म छोरी और अभिनेता आफताब शिवदासानी की होम प्रोडक्शन हॉरर-थ्रिलर फिल्म धुंध भी इसी साल रिलीज हो सकती है।

कैटरीना, अक्षय कुमार के साथ फिल्म सूर्यवंशी में नजर आएंगी। इसके अलावा वह सलमान खान के साथ फिल्म टाइगर 3 में काम कर रही हैं। कैटरीना निर्देशक जोया अख्तर की अगली फिल्म को लेकर भी चर्चा में हैं। दूसरी तरफ सिद्धांत चतुर्वेदी फिल्म बंटी और बबली 2 में मुख्य भूमिका निभाएंगे। निर्देशक शकुन बत्रा की फिल्म में वह दीपिका पादुकोण के साथ नजर आएंगे। ईशान खट्टर फिल्म पिप्पा को लेकर सुर्खियों में हैं। इसमें उनके साथ मृणाल ठाकुर दिखाई देंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *