सरकार के प्रयासों से भ्रष्टाचार के मामलों में कमी आयीः मुख्य सचिव

देहरादून। मुख्य सचिव ओमप्रकाश ने प्रदेशवासियों को सुशासन दिवस के अवसर पर बधाई व शुभकामनाएँ दी हैं। उन्होंने क्रिसमस एवं नव वर्ष की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि राज्य में जीरो टोलरेन्स नीति के अन्तर्गत ईमानदारी व सुशासन की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है। राज्य में भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुये सरकारी काम काज में गुणवत्ता, समयबद्धता तथा उत्तरदायित्व निर्धारण किये जाने तथा जनसेवाओं को प्रदेश के नागरिकों को ई-गवर्नेस के माध्यम से प्रदान किये जाने हेतु विगत वर्षों में सुशासन हेतु महत्वपूर्ण कदम उठाये गये है। सरकार के इन प्रयासों से जहाँ भ्रष्टाचार के मामलों में कमी आयी है, वहीं पारदर्शी उत्तरदायी तथा जनोन्मुखी प्रशासनिक व्यवस्था सुनिश्चित की जा सकी है।

मुख्य सचिव ने कहा कि सी.एम. डैशबोर्ड ‘उत्कर्ष‘ 205 ‘‘की परफोर्मेंस इंडीकेटर्स‘‘ के आधार पर 32 विभागों की महत्वपूर्ण योजनाओं की मुख्यमंत्री जी द्वारा रियल टाईम मॉनिटरिंग की जा रही है। राज्य के नागरिकों की शिकायतों के त्वरित निस्तारण हेतु सी.एम. हैल्पलाईन 1905 की स्थापना की गयी है, जिसमें समयबद्ध रूप से सम्बन्धित विभागों के उत्तरदायी अधिकारियों द्वारा शिकायतों का निराकरण किया जाता है। उन्होंने कहा कि अभी तक 35 हजार से अधिक शिकायतकर्ताओं की समस्याओं का 24 घण्टे से लेकर एक सप्ताह के भीतर समाधान किया जा चुका है। विभागाध्यक्ष और जिलाधिकारी की सीधी जिम्मेदारी तय की गयी है। शिकायतकर्ता के सन्तुष्ट न होने तक शिकायत का निस्तारण नहीं माना जाता है। वर्ष 2017 तक केवल 10 विभागों की 94 सेवायें अधिसूचित थीं, जिन्हें वर्तमान में बढ़ाकर 27 विभागों की 243 सेवायें अधिसूचित की गयी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *