बहू ने अवैध संबंध का राज खुलने के डर से प्रेमी के साथ मिलकर की थी दादा ससुर व ननद की हत्या

रुड़की,। बहू ने अवैध संबंध का राज खुलने के डर से अपने प्रेमी के साथ मिलकर दादा ससुर और ननद की हत्या की थी। पुलिस ने आरोपी महिला और प्रेमी को गिरफ्तार किया है। नशे की गोलियां और हत्या में प्रयुक्त तकिया भी बरामद किया गया है। सिविल लाइंस कोतवाली में एसपी देहात एसके सिंह ने पत्रकार वार्ता में बताया कि झबरेड़ा थाना क्षेत्र के मानकपुर आदमपुर निवासी महेंद्र (65) और प्रीति (21) की नवंबर के पहले सप्ताह में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी।
दो मौतें एक साथ होने से परिजनों को पुत्रवधू पर शक हुआ। पूछताछ में बहू रिया उर्फ अन्नू को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया। पूछताछ में रिया ने पुलिस को बताया कि पड़ोसी रोहित उर्फ रामू के साथ अवैध संबंध थे। जब उसका पति कंपनी में नाइट ड्यूटी पर जाता तो वह प्रेमी को घर बुला लेती थी। दादा ससुर महेंद्र और सास को नशे की गोली देकर सुला देती थी। दो नवम्बर की रात को भी प्रेमी घर आया था। इस बीच दादा ससुर महेंद्र की आंख खुल गई और दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था। इसके बाद उन्होंने दादा ससुर के मुंह पर तकिया रखकर हत्या कर दी और शव को चारपाई पर लिटा दिया। जिससे परिजनों को लगे की दादा ससुर की स्वाभाविक मौत हुई है। दादा ससुर की मौत के बाद ननद प्रीति अपने मामा के घर भटौल गांव से वापस मानकपुर आदमपुर आ गई। ननद के आने से भी दोनों का मिलना-जुलना बंद हो गया। प्रीति को भी दोनों के प्रेम-प्रसंग की भनक लग गई थी। रिया ने ननद को पांच नवंबर की रात खाने में नशे की गोलियां दी। कुछ समय बाद जब प्रीति को बेहोशी छाने लगी तो रिया ने तकिए से मुंह दबाकर उसकी भी हत्या कर दी। देर रात शोर मचा कर परिजनों को जगाया। बताया कि प्रीति बेसुध पड़ी है। इसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे।  एसपी देहात एसके सिंह ने बताया कि रिया उर्फ अन्नू और उसके प्रेमी रोहित उर्फ रामू निवासी गांव मुंडी खेड़ी, थाना रामपुर मनिहारन जिला सहारनपुर हाल मानकपुर आदमपुर को गिरफ्तार किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *