रुट का लगातार तीसरा शतक, इंग्लैंड को विशाल बढ़त

लीड्स । कप्तान जो रुट (121) के शानदार और रिकॉर्ड शतक से इंग्लैंड ने भारत के खिलाफ तीसरे क्रिकेट टेस्ट मैच के दूसरे ही दिन गुरूवार को अपनी पहली पारी में आठ विकेट पर 423 रन बनाकर 345 रन की विशाल बढ़त बनाते हुए मैच पर अपना शिकंजा कस दिया है।

जो रुट ने तेज गेंदबाज इशांत शर्मा की गेंद पर मिड ऑन पर चौका लगाकर सीरीज में लगातार तीसरा शतक पूरा किया। उन्होंने भारत के खिलाफ आठ शतक बनाने के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है। रुट इंग्लैंड के लिए एक साल में छह शतक बनाने वाले तीसरे इंग्लिश बल्लेबाज बन गए हैं। रुट का इंग्लैंड के कप्तान के रूप में यह 12वां शतक है और इसके साथ ही उन्होंने पूर्व कप्तान माइकल वान के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है। रुट तीनों फॉर्मेट में इंग्लैंड की तरफ से सर्वाधिक 39 शतक बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने एलिस्टेयर कुक को पीछे छोड़ा है जिनके नाम 38 शतक हैं।

इंग्लैंड ने अपनी बढ़त 290 रन पहुंचाने के साथ विराट कोहली की कप्तानी में भारत के खिलाफ सर्वाधिक बढ़त बनाने का रिकॉर्ड कायम कर दिया। इंग्लैंड ने 218 में भारत के खिलाफ लॉर्ड्स में 289 रन की बढ़त बनाने के अपने रिकॉर्ड को कहीं पीछे छोड़ दिया।
इंग्लैंड के कप्तान ने 165 गेंदों पर 121 रन की अपनी लाजवाब पारी में 14 चौके लगाए। रुट को छठे बल्लेबाज के रूप में जसप्रीत बुमराह ने बोल्ड किया। लेकिन तब तक वह इंग्लैंड को मजबूत बढ़त दिला चुके थे। उन्होंने डेविड मलान के साथ तीसरे विकेट की साझेदारी में 139 रन जोड़े।उन्होंने जानी बेयरस्टो के साथ चौथे विकेट के लिए 52 रन जोड़े। मलान ने 128 गेंदों में 11 चौकों के सहारे 70 रन बनाये।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *