कार निर्माता कंपनी फोर्ड भारत से समेट रही कारोबार

नईदिल्ली । यात्री वाहन बनाने वाली कंपनी फोर्ड ने भारतीय बाजार में हो रहे घाटे से परेशान होकर अपने परिचालन को पुनगर्ठित करने की योजना के तहत घरेलू बाजार में बिक्री के लिए देश में वाहन निर्माण तत्काल बंद करने की घोषणा की।
कंपनी ने यहां जारी बयान में कहा कि पिछले 10 वर्षों में दो अरब डॉलर से अधिक का भारत नुकसान हो चुका है और वर्ष 2019 में 80 करोड़ डॉलर के गैर परिचालन वाले संपत्ति हटाई गई थी

इस अमेरिकी वाहन कंपनी ने कहा कि उसने भारतीय ग्राहकों की सेवा करने की योजना बनायी है जिसके तहत वह भारत में मुस्ताग कूपे सहित आइकॉनिक वाहनों को लॉन्च करेगी। उसने कहा कि वैश्विक बाजार में उसकी 30 अरब डॉलर निवेश करने की योजना का लाभ दीर्घकाल में भारतीय ग्राहकों को भी होगा क्योंकि इसके तहत नयी हाइब्रिड और मुस्ताग मैक ई जैसे इलेक्ट्रिक वाहन उतारे जायेंगे।

उसने कहा कि भारत फोर्ड के लिए कर्मचारियों के लिहाज से वैश्विक स्तर पर दूसरा सबसे बड़ा कार्यबल वाला देश बना रहेगा। उसने कहा कि फोर्ड बिजनेस सोल्यूशंस के साथ ही फोर्ड इंडिया निर्यात के लिए इंजन का निर्माण जारी रखेगी। इसके साथ ही भारत में ग्राहक सपोर्ट परिचालन को भी जारी रखा जायेगा जिसमें सर्विस, आफ्टरमार्केट पार्ट्स और वारंटी सपोर्ट शामिल है।

कंपनी ने कहा कि भारत में उसकी योजना फोर्ड बिजनेस सोल्यूशंस को बढ़ाना और वैश्विक वाहनों को भारतीय बाजार में बेचने की है। वैश्विक स्तर पर फोर्ड के सहयोग के लिए भारत में कंपनी की योजना 11 हजार कर्मचारियों का बिजनेस सोल्यूशंस टीम बनाने की है। यह टीम इंजीनियरिंग, प्रौद्योगिकी और बिजनेस परिचालन उत्कृष्टता केन्द्र पर ध्यान केन्द्रित करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *