मंत्री यशपाल आर्य ने 189.38 लाख लागत की देवीधुरा कून पम्पिंग योजना का किया शिलांयास

नैनीताल, आजखबर। अपने निर्धारित कार्यक्रमानुसार परिवहन, समाज कल्याण एवं अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री यशपाल आर्य तथा क्षेत्रीय विधायक संजीव आर्य ने ऐपाल देवता राजकीय इण्टर काॅलेज पटवाडांगर पहुॅचकर 189.38 लाख की लागत से बनने वाली देवीधुरा कून पम्पिंग योजना का शिलांयास किया। काबीना मंत्री श्री आर्य ने कहा कि हर घर में नल और हर नल में जल की संकल्पना को साकार किया जायेगा। श्री आर्य ने अपने पूर्व अनुभव साझा करते हुए कहा कि दुर्गम क्षेत्रों में पानी का सबसे अधिक महत्व है। परिवार में पेयजल की आपूर्ति हेतु महिलाऐं आज भी संघर्ष कर रहीं हैं।

उन्होंने कहा कि पेयजल पम्पिंग योजना के निर्माण से क्षेत्र के प्रत्येक घर में पर्याप्त पेयजल की उपलब्धता होने से पानी की समस्या से निजात मिलेगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास में किसी भी प्रकार की कमी नहीं होने दी जायेगी। उन्होंने कहा कि जनता ने जो प्यार, स्नेह, सम्मान, नाम एवं पहचान देने के साथ ही भरोसा जताया, जनता के उस भरोसे को टूटने नहीं दिया जायेगा। उन्होंने कहा कि जमाना तेजी से बदल रहा है, जो काम करेगा, मेहनत करेगा वही व्यक्ति आगे बढ़ेगा।

उन्होंने अधिशासी अभियंता पेयजल निगम को एक वर्ष के भीतर पेयजल पम्पिंग योजना को पूरा करने के साथ ही योजनान्तर्गत विद्यालय में दो माह के भीतर पानी का कनैक्शन सहित पानी की आपूर्ति करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक संजीव आर्य ने कहा कि विकास एक सतत् प्रक्रिया है। क्षेत्र के विकास में कोई कमी नहीं छोड़ी जायेगी। उन्होंने कहा कि रोजगार के साथ-साथ पानी भी ग्रामीण क्षेत्रों से पलायन का प्रमुख कारण है। उन्होंने कहा कि जल ही जीवन है, सभी क्षेत्रों में पेयजल उपलब्ध कराना पहली प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि पम्पिंग योजना से चारों क्षेत्रों देवीधुरा, मल्ला जमीरा, बेलुआखान, कूण की जनता लाभांवित होगी। उन्होंने कहा कि योजना के अन्तर्गत हर घर को नल का कनैक्शन दिया जायेगा, हर घर को पेयजल कनैक्शन उपलब्ध कराया जायेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *