देहरादून,। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से सोमवार को सायं मुख्यमंत्री आवास कार्यालय सभागार में प्रदेश उद्योग व्यापार मण्डल से जुड़े विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों ने भेंट की तथा मुख्यमंत्री को चम्पावत उपचुनाव में मिली ऐतिहासिक विजय पर शुभकामनायें दी।
मुख्यमंत्री को उद्योग व्यापार संगठनों के सदस्यों ने व्यापारियों की विभिन्न समस्याओं से अवगत कराते हुए अनुरोध किया कि प्रदेश में बाहर से लाये गये कृषि उत्पाद पर मण्डी शुल्क की दरों में कम किये जाने, आपदा की स्थिति में व्यापारियों को सहायता उपलब्ध कराये जाने हेतु व्यापारी कोष के गठन, व्यापारी दुर्घटना बीमा योजना की धनराशि को 05 लाख से 10 लाख किये जाने तथा व्यापार मित्र की बैठक नियमित रूप से आयोजित किये जाने सहित अपनी विभिन्न समस्याओं से मुख्यमंत्री को अवगत कराया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने व्यापारी संगठनों की समस्याओं से अवगत होते हुए उद्योग व्यापार मण्डल से जुड़े सदस्यों की समस्याओं का परीक्षण कर त्वरित समाधान का आश्वासन दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के विकास में व्यापारियों का बड़ा योगदान है। व्यापारी हमारे राज्य के ब्राण्ड एम्बेसडर भी हैं। उन्होंने कहा कि व्यापारियों के हित में उद्योग व व्यापार मित्र की व्यवस्था को प्रभावी बनाया जायेगा। प्रदेश के बजट में आम जनता के साथ ही प्रदेश उद्योग व्यापार से जुड़े संगठनों के सुझावों को भी सम्मिलित करने का प्रयास किया गया है।